हाथरस 03 अक्टूबर। नगर निकाय क्षेत्रों में आमजन को शुद्ध पेयजल, बेहतर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुक्त अलीगढ़ मंडल ओ.पी. आर्य ने नगर पालिका परिषद हाथरस के सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मंडलायुक्त ने नगर क्षेत्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के साथ ही नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मूलभूत नागरिक सुविधाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और अधिकारियों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करनी होगी। समीक्षा बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र एवं प्रमाण पत्र वितरित करते हुए योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी ली। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी, सुगम और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ पात्र लोगों का चिन्हीकरण कर उन्हें लाभान्वित करने पर भी उन्होंने जोर दिया। नगर निकायों की मूलभूत व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, नियमित जलापूर्ति, प्रकाश व्यवस्था और जल निकासी जैसी सुविधाएं नगर निकायों की प्राथमिक जिम्मेदारी हैं। उन्होंने नगर क्षेत्र में पाइपलाइन, हैंडपंप एवं आरओ प्लांट की स्थिति की जानकारी लेते हुए पेयजल की नियमित गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही पानी में निर्धारित मात्रा में क्लोरीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। खराब पड़े हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत कराने तथा जहां आवश्यकता हो वहां पाइपलाइन के माध्यम से नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने सड़कों एवं नालियों की नियमित सफाई, जलभराव वाले स्थानों पर प्रभावी जल निकासी तथा सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि कूड़े का निस्तारण निर्धारित स्थल पर ही कराया जाए और नगर क्षेत्र में कहीं भी गंदगी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सफाई व्यवस्था केवल अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि नियमित रूप से इसकी निगरानी की जाए।
संक्रामक रोगों की रोकथाम पर विशेष जोर
संक्रामक रोगों की रोकथाम को लेकर मंडलायुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर क्षेत्रों में नियमित फॉगिंग, एंटी लार्वा का छिड़काव और विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा। जलभराव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर तत्काल जल निकासी कराने तथा मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने खराब एवं सड़े-गले फलों तथा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाकर जांच कराने को कहा। इसके साथ ही आवारा पशुओं से होने वाली जनहानि की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने, पॉलीथीन के उपयोग पर रोक लगाने तथा पेपर एवं कपड़े के बैग के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर क्षेत्र में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों का सर्वे कराकर उन्हें तत्काल ठीक कराने को कहा, ताकि रात के समय नागरिकों को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था मिल सके। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्रों का समयबद्ध पंजीकरण, प्रभावी कर वसूली, अतिक्रमण हटाने तथा नए अतिक्रमण की रोकथाम के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने ऑडिट आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा शहरी आवास योजना के पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निकायों में संचालित सभी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, जिससे पात्र नागरिक योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि नगर निकायों की सेवाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से उपलब्ध कराई जानी चाहिए। अधिकारियों को नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा करने और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर आयुक्त अलीगढ़ प्रदीप कुमार, सहायक विकास आयुक्त अलीगढ़ मंशाराम यादव, मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।











