हाथरस 02 अक्टूबर। विवाहिता से दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है। आरोप है कि ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर विवाहिता के साथ मारपीट की और आठ माह के बच्चे समेत उसे ईको कार में बैठाकर सादाबाद-आगरा बाईपास रोड पर छोड़ दिया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सादाबाद के मोहल्ला चावड़वाला निवासी भिखारीदास की पुत्री प्रिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी शादी 8 दिसंबर 2023 को आगरा के थाना कागारौल क्षेत्र के अकोला निवासी दीपक धारिया पुत्र दीवान सिंह के साथ हुई थी। पीड़िता के अनुसार, उसके पिता ने शादी में करीब 15 लाख रुपये खर्च किए और तीन लाख रुपये नकद, घरेलू सामान तथा सोने-चांदी के आभूषण दिए थे। आरोप है कि इसके बावजूद पति दीपक, ससुर, सास, जेठ अनिल और देवर अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। पीड़िता के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोग दो लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे। इसी दौरान प्रिया ने एक बेटे उत्कर्ष को जन्म दिया। तहरीर के मुताबिक 17 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे ससुरालियों ने उसके साथ मारपीट की। सूचना पर उसके पिता ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर आरोपित मौके से चले गए। आरोप है कि पुलिस के जाने के बाद ससुरालियों ने प्रिया को उसके बच्चे समेत जबरन ईको कार में बैठा लिया और सुबह करीब पांच बजे सादाबाद-आगरा बाईपास रोड पर उतारकर चले गए। साथ ही जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता के अनुसार, उसके शोर मचाने पर राहगीर राजू, मुकेश समेत अन्य लोग मौके पर एकत्रित हुए और उसकी मदद की। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





