Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 30 सितम्बर। स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत बागला इंटर कॉलेज में विद्यालय परिसर में विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। अभियान में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की और विद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने का संदेश दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश कुमार शुक्ल ने कहा कि स्वच्छता का अर्थ केवल घर या आसपास की सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ जीवन, स्वच्छ पर्यावरण और सुंदर समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को यह समझना होगा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण का निर्माण किया जा सकता है। अंग्रेजी प्रवक्ता श्री बसंत सिंह ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने स्वच्छता को विशेष महत्व दिया था। उनका मानना था कि स्वच्छ भारत ही स्वस्थ और सशक्त भारत की पहचान है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

जीव विज्ञान प्रवक्ता श्री चंद्रगुप्त मौर्य ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के स्वास्थ्य संबंधी महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि गंदगी के कारण विभिन्न प्रकार की बीमारियां फैल सकती हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं की स्वच्छता के साथ-साथ अपने आसपास के वातावरण की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए, जिससे संचारी रोगों और अन्य बीमारियों से बचाव किया जा सके। रसायन विज्ञान प्रवक्ता डॉ. मनोज शर्मा ने कहा कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान तक सीमित न रखकर इसे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हमारी आस्था, जिम्मेदारी और सेवा है। इसके प्रति जागरूक रहकर ही स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज का निर्माण किया जा सकता है। स्वच्छता अभियान में श्री अरविंद कुमार चौहान, डॉ. गोपाल प्रसाद, डॉ. रोहित सिंह, श्री डीपी सिंह, श्री ज्ञानेंद्र, श्री सुरेंद्र कुमार, श्री संजीव कुमार चौधरी, श्री संजय प्रकाश, श्री जय देव, श्री सत्येंद्र, श्री मोहनलाल, श्री मनोज कुमार, श्री गौरव लवानिया सहित विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। अभियान के दौरान सभी ने विद्यालय परिसर को स्वच्छ रखने और स्वच्छता के संदेश को समाज तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page