Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 30 सितम्बर। पुलिस विभाग में लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने के बाद अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए छह पुलिसकर्मियों को पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने भावभीनी विदाई दी। 30 सितंबर को पुलिस कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में सादा समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के साथ उनके परिजन भी मौजूद रहे। समारोह में क्षेत्राधिकारी लाइन दुष्यन्त सिंह, क्षेत्राधिकारी कार्यालय, प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर अधिवर्षता आयु पूर्ण करने वाले उ0नि0ना0पु0 गम्भीर सिंह, उ0नि0ना0पु0 पंकज कुमार तिवारी, रेडियो निरीक्षक बालश्याम मुगद्ल, महिला उ0नि0ना0पु0 सर्वेश कुमारी, मु0आ0ना0पु0 ज्ञान चन्द एवं कुक जयपाल सिंह को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। विदाई समारोह के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों ने पुलिस विभाग में अपनी सेवा के दौरान प्राप्त अनुभवों को विस्तार से साझा किया। उन्होंने अपने सेवाकाल से जुड़ी यादों और अनुभवों को अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ साझा किया। इस दौरान माहौल भावुक भी नजर आया।

पुलिस अधीक्षक श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सेवानिवृत्त होने वाले सभी कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी और शांतिपूर्ण आगामी जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों ने अपने जीवन का अमूल्य समय पुलिस विभाग को समर्पित किया और ड्यूटी के दौरान कई बार अपने परिवार से दूर रहकर भी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। अब सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें अपने जीवन को नए कलेवर में ढालते हुए परिवार के साथ समय बिताने और प्रसन्नतापूर्वक जीवन आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। एसपी ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से कहा कि पुलिस विभाग से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या हो अथवा कोई अन्य परेशानी हो तो वे बेझिझक फोन के माध्यम से अथवा पुलिस कार्यालय पहुंचकर उन्हें अवगत करा सकते हैं। उनकी समस्याओं के यथासंभव समाधान का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से पुलिस विभाग से जुड़े रहने और अपने अनुभवों को साझा करते रहने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद स्वयं को व्यस्त, स्वस्थ और प्रसन्न रखना बेहद जरूरी है। इस अवसर पर एसपी ने सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के परिजनों के समारोह में शामिल होने पर उनका आभार व्यक्त किया और कहा कि सेवाकाल के दौरान परिवार का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है। समारोह के अंत में पुलिस अधीक्षक हाथरस ने सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को माल्यार्पण कर शॉल तथा रामायण और गीता उपहार स्वरूप भेंट की। सम्मान और शुभकामनाओं के साथ सभी को भावभीनी विदाई दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के उज्जवल भविष्य, स्वस्थ जीवन और सुख-शांति की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page