
हाथरस 30 सितम्बर। फरार, वांछित और इनामिया अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना कोतवाली नगर के वर्ष 2003 के गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त तुलसी काछी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को चेकिंग अभियान के दौरान तरफरा जाने वाले रास्ते पर अधबने प्लाटों के पास से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 30 सितंबर को पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा के आदेश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में की गई। अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के निकट पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को वांछित इनामी अभियुक्त के संबंध में सूचना मिली, जिसके आधार पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान तुलसी काछी पुत्र हरी सिंह निवासी छोटा अईयापुर, थाना कोतवाली हाथरस के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक हाथरस की ओर से 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पूर्व में भी कई मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी की जा रही है। दर्ज मुकदमों में मु0अ0सं0 125/2012, धारा 13-G एक्ट, थाना कोतवाली नगर; मु0अ0सं0 255/2012, धारा 110(G), थाना कोतवाली नगर तथा मु0अ0सं0 37/2003, धारा 2/3 गैंगस्टर एक्ट, थाना कोतवाली नगर, जनपद हाथरस शामिल हैं। अभियुक्त की गिरफ्तारी के संबंध में थाना कोतवाली नगर पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को फरार और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।










