
हाथरस 29 सितम्बर। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के तालाब चौराहा स्थित पिंक बूथ पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं चिकित्सकों की टीम ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाह, क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर सहित पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों ने पुलिसकर्मियों की विभिन्न स्वास्थ्य जांचें करते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। चिकित्सकों ने हृदय को स्वस्थ रखने के लिए नियमित व्यायाम करने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, पर्याप्त नींद लेने तथा तनाव से बचाव करने की सलाह दी। पुलिसकर्मियों को हृदय संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य को महत्वपूर्ण बताते हुए सभी को नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण कराने और अपनी जीवनशैली को स्वस्थ रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी और जनसेवा में तत्पर रहते हैं। ऐसे में उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखा जाना भी बेहद आवश्यक है, ताकि वे स्वस्थ रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें। एसपी ने पुलिसकर्मियों को नियमित व्यायाम, संतुलित खानपान और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच कराते रहने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते जानकारी प्राप्त की जा सकती है और आवश्यक उपचार एवं सावधानियां बरती जा सकती हैं। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर आयोजित इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को हृदय संबंधी बीमारियों के प्रति जागरूक करना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। शिविर के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्राप्त की और चिकित्सकों से अपने स्वास्थ्य को लेकर परामर्श लिया।







