
हाथरस 28 सितम्बर। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मोहल्ला हुंडावाला में एक युवती पर कथित रूप से हमले के प्रयास का मामला सामने आया है। मामले में पीड़ित सुल्तान सिंह निवासी हुंडावाला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। तहरीर में बताया गया है कि 11 जुलाई 2026 को उनके बेटे प्रवेश कुमार की मोहल्ले के कुछ लोगों ने हत्या कर दी थी, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। पीड़ित के अनुसार घटना के बाद भय के चलते उनका परिवार हुंडावाला छोड़कर मोहल्ला जाटवान खुर्द में रह रहा है। आरोप है कि 25 सितंबर की रात उनकी छोटी बेटी शीतल घर के बाहर चौक में लेटी हुई थी। इसी दौरान मोहल्ला हुंडावाला निवासी हरिश्चंद्र, संजय और मोनू कथित रूप से सरिया और डंडे लेकर घर में घुस आए और उनकी बेटी पर हमला करने का प्रयास किया। बेटी की चीख सुनकर सुल्तान सिंह और उनकी पत्नी बाहर आए तो आरोपित कथित रूप से जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। घटना की सूचना 112 नंबर पर देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और थाने में शिकायत दर्ज कराने को कहा। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद पूरा परिवार भयभीत है और डर के कारण उनकी बेटी स्कूल भी नहीं जा रही है। उन्होंने भविष्य में किसी प्रकार की अनहोनी होने पर नामजद लोगों को जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






