हाथरस 28 सितम्बर। साइबर ठगी के दो मामलों में थाना चंदपा साइबर क्राइम पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ितों की ठगी गई 70,025 रुपये की पूरी रकम वापस उनके बैंक खातों में कराई। पुलिस के अनुसार 16 सितंबर 2026 को ग्राम ककोड़ी निवासी ललित कुमार गुप्ता ने शिकायत की थी कि साइबर फ्रॉड के जरिए यूपीआई से उनके खाते से 52,025 रुपये की धनराशि ट्रांसफर करा ली गई। वहीं 18 सितंबर को ग्राम कुँवरपुर निवासी अजय ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्हें एक संदिग्ध लिंक प्राप्त हुआ था, जिस पर क्लिक करने के बाद उनके खाते से 18,000 रुपये निकल गए। दोनों शिकायतों को पुलिस द्वारा तत्काल राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज कराया गया। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में थाना चंदपा साइबर क्राइम पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित लेनदेन की जानकारी जुटाई और लाभार्थी बैंक खाते को डेबिट फ्रीज कराकर ठगी की रकम को सुरक्षित कराया। पुलिस के प्रयासों के बाद 28 सितंबर को दोनों शिकायतकर्ताओं के खातों से ठगी गई कुल 70,025 रुपये की शत-प्रतिशत धनराशि वापस करा दी गई। रकम वापस मिलने पर ललित कुमार और अजय ने थाना चंदपा पहुंचकर पुलिस का आभार जताया और साइबर क्राइम टीम के प्रयासों की सराहना की। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना बैंक खाता नंबर, पिन, ओटीपी, सीवीवी समेत अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के साथ हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष योगेश कुमार सहित थाना चंदपा की साइबर क्राइम पुलिस टीम शामिल रही।












