सिकन्दराराऊ (हसायन) 27 सितम्बर। थाना हसायन क्षेत्र के गांव पायदापुर में पड़ोसियों द्वारा एक मजदूर के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि पड़ोसियों ने गाली-गलौज करते हुए उसे लाठी-डंडों और लात-घूंसों से पीटा तथा जमीन पर गिराने के बाद सिर पर ईंट से प्रहार कर दिया। हमले में उसके सिर में गंभीर चोट लगने के कारण वह बेहोश हो गया। पीड़ित ने थाना हसायन में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव पायदापुर निवासी विनय कुमार ने थाना प्रभारी को दी गई तहरीर में बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। पीड़ित के अनुसार, 24 सितंबर की शाम गांव की रहने वाली प्रीति पत्नी विजय सिंह किसी बात को लेकर उसके साथ गाली-गलौज करने लगी। विनय का आरोप है कि जब उसने गाली-गलौज का विरोध किया तो मामला बढ़ गया और कुछ देर बाद प्रीति, उसका पति विजय सिंह, शेर सिंह, आशीष और सोनू एक राय होकर उसके घर पहुंच गए।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि घर पर पहुंचने के बाद सभी लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों और लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसे जमीन पर पटक दिया गया और उसके सिर पर ईंट से प्रहार किया गया। सिर में चोट लगने से खून निकलने लगा और वह बेहोश हो गया। पीड़ित के मुताबिक घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। घटना के बाद पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को दी और थाना हसायन पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









