
हाथरस (मुरसान) 26 सितम्बर। क्षेत्र के उदयभान भकरोई गांव में तहसील प्रशासन द्वारा कराई गई खेत की हदबंदी तोड़ने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों पर केस दर्ज किया है। पीड़ित ने आरोपियों पर कार्रवाई और दोबारा हदबंदी कराने की मांग की। गांव उदयभान भकरोई निवासी सत्यपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने कृषि भूमि के बंटवारे को लेकर न्यायालय में केस दायर किया था। न्यायालय के आदेश पर राजस्व विभाग ने जमीन की पैमाइश और नक्शा तैयार किया। सत्यपाल के अनुसार, 14 सितंबर को कानूनगो मुरसान टीम और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने खेत की मेड़ डालकर हदबंदी की। आरोप है कि उसी शाम साढ़े चार बजे प्रवीन, प्रमोद, प्रवेश और विजेंद्र सिंह ने मेड़ तोड़कर खेत जोत लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की, मारपीट व झूठे केस में फंसाने की धमकी दी है।







