हाथरस 26 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत जनपद के सभी 1712 आंगनबाड़ी केंद्रों पर रेसिपी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही पोषाहार सामग्री से विभिन्न प्रकार की पौष्टिक एवं स्वादिष्ट रेसिपी तैयार कर उनका प्रदर्शन किया। जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों, विशेष रूप से कुपोषित बच्चों के परिवारों को पोषाहार सामग्री के बेहतर उपयोग के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि पोषाहार सामग्री से अलग-अलग प्रकार के व्यंजन तैयार कर बच्चों को भोजन में विविधता दी जा सकती है, जिससे वे एक ही प्रकार के भोजन से ऊबने के बजाय अलग-अलग रूप में पौष्टिक आहार का सेवन कर सकें। प्रतियोगिता के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को संतुलित खान-पान तथा बच्चों के भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों की पर्याप्त मात्रा सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया। विशेष रूप से कुपोषित बच्चों के परिवारों को बच्चों के पोषण और संतुलित आहार के महत्व की जानकारी दी गई। विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर बाल विकास परियोजना अधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारी एवं क्षेत्र के नागरिकों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने तैयार की गई पौष्टिक रेसिपी के बारे में जानकारी साझा की।







