Hamara Hathras

Latest News

अलीगढ़ 25 सितम्बर। मंगलायतन विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड साइंसेज के फॉरेंसिक साइंस विभाग द्वारा फॉरेंसिक साइंस वीक के अवसर पर दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किये गए। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को फॉरेंसिक विज्ञान की आधुनिक तकनीकों, व्यावहारिक कार्यप्रणाली एवं करियर संभावनाओं से परिचित कराना रहा।कार्यक्रम का आयोजन प्रो. दिनेश शर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के ज्ञान एवं व्यावहारिक दक्षता को परखने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रथम दिन क्विज प्रतियोगिता तथा द्वितीय दिन क्राइम सीन रीकंस्ट्रक्शन प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों ने दोनों प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और फॉरेंसिक जांच से संबंधित अपने ज्ञान एवं कौशल का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में प्रो. रविकांत, प्रो. आर.के. शर्मा, विभागाध्यक्ष डॉ. मनीषा शर्मा, आयुषी शर्मा एवं सुश्री इंशा इकबाल शामिल रहे। निर्णायकों द्वारा विद्यार्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करते हुए उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण जयपुर स्थित आन फॉरेंसिक सॉल्यूशन एलएलपी की निदेशक आयुषी गौतम का अतिथि व्याख्यान रहा। उन्होंने बीएससी फॉरेंसिक साइंस के विद्यार्थियों को फॉरेंसिक क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रही तकनीकों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), DNA विश्लेषण और डिजिटल फॉरेंसिक के बढ़ते उपयोग पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आधुनिक तकनीकें अपराध की जांच, साक्ष्यों के विश्लेषण और व्यक्तियों की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने  विद्यार्थियों को फोरेंसिक प्रयोगशालाओं, पुलिस विभाग, साइबर अपराध जांच एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि तकनीकी दक्षता और व्यावहारिक प्रशिक्षण के साथ विद्यार्थी फॉरेंसिक विज्ञान के तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं। दो दिवसीय आयोजन ने विद्यार्थियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में फॉरेंसिक विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने, उनकी विश्लेषणात्मक एवं व्यवहारिक क्षमताओं को बढ़ाने तथा उन्हें आधुनिक अपराध जांच तकनीकों से परिचित कराने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page