
हाथरस 25 सितम्बर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में नगर विकास विभाग के विकास कार्यों एवं विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 15वें वित्त आयोग एवं अवस्थापना निधि के अंतर्गत नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों में कराए जा रहे कार्यों और प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान 15वें वित्त आयोग के कार्यों, सीवरेज एवं जल निकासी योजना, पेयजल व्यवस्था, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना, मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना, अंत्येष्टि स्थल योजना, तालाब-पोखर संरक्षण योजना, आकांक्षी नगर योजना, वंदन योजना तथा आदर्श नगर पंचायत कार्ययोजना आदि की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही कांजी हाउस एवं गौशाला निर्माण, रिट याचिकाओं से संबंधित प्रकरण, प्रतिबंधित पॉलीथीन के विरुद्ध कार्रवाई, नगरीय स्ट्रीट लाइट एवं पेयजल व्यवस्था, ऑडिट आपत्तियों के निस्तारण, अतिक्रमण, एमआरएफ सेंटरों के निर्माण एवं क्रियाशीलता तथा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट की स्थिति की भी समीक्षा हुई। जिलाधिकारी ने नगर पंचायत मुरसान में एमआरएफ सेंटर एवं कम्पोस्ट प्लांट तथा नगर पंचायत सासनी में कम्पोस्ट प्लांट के निर्माण के लिए तत्काल भूमि चिन्हित कर संबंधित उप जिलाधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिबंधित पॉलीथीन की रोकथाम के लिए थोक विक्रेताओं को चिन्हित कर प्रभावी कार्रवाई करने, जिन योजनाओं की डीपीआर शासन को प्रेषित नहीं हुई है उन्हें तत्काल भेजने तथा स्वीकृत कार्यों को टेंडर नियमावली के अनुसार शुरू कर समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। स्वच्छता सप्ताह के दृष्टिगत सभी अधिशासी अधिकारियों को नगर निकायों में सफाई, प्रकाश एवं पेयजल व्यवस्था सुचारु रखने तथा निर्माणाधीन विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा डीजल की बचत एवं एनजीटी के दिशा-निर्देशों के दृष्टिगत आवश्यकता के अनुसार इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद, बाजारों में अस्थायी अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान तथा आगामी दीपोत्सव एवं दीपावली के मद्देनजर पटाखों की बिक्री के लिए निर्धारित एवं उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) प्रशांत तिवारी, शम्स तवरेज खान, प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय, चेयरमैन हरिकान्त कुशवाहा, सचिन्द्र कुशवाहा, हेमलता अग्रवाल, देशराज सिंह एवं राजीव वाष्णेय सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।









