Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 सितम्बर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने तथा जेंडर रेश्यो में सुधार के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ सुपरवाइजर्स ने प्रतिभाग किया। बैठक में महिला मतदाताओं के पंजीकरण को बढ़ाने तथा मतदाता सूची में जेंडर रेश्यो में सुधार के लिए बूथवार कार्ययोजना पर चर्चा की गई। सभी सुपरवाइजर्स को उनके क्षेत्र के बूथों की वर्तमान जेंडर रेश्यो की सूची उपलब्ध कराते हुए कम अनुपात वाले बूथों को चिन्हित करने के निर्देश दिए गए। संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों के साथ समन्वय कर ऐसे क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पात्र महिला मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने को कहा गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सुपरवाइजर्स को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर बीएलओ के कार्यों की निगरानी करने तथा पात्र महिलाओं एवं युवाओं को चिन्हित कर मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए। साथ ही मृत, स्थानांतरित एवं अपात्र मतदाताओं के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने कम जेंडर रेश्यो वाले बूथों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्य करते हुए बूथवार प्रगति की नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। बैठक में सभी उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा जनपद के समस्त सुपरवाइजर्स उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page