Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 सितम्बर। जनपद में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 24 सितंबर से 29 सितंबर तक प्रथम चरण में नगरीय निकाय एवं विकास खंड स्तर पर सात दिवसीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को विकास खंड हाथरस, मुरसान, सिकंदराराऊ एवं सहपऊ में शिविर लगाए गए, जहां केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराते हुए पात्र लाभार्थियों के मौके पर आवेदन भरवाने और पात्रता का सत्यापन किया गया। विकास खंड हाथरस में मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, निवर्तमान ब्लाक प्रमुख/प्रशासक पूनम पाण्डेय, खंड विकास अधिकारी अनुज मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। यहां विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिसमें 122 लाभार्थियों एवं प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न योजनाओं के तहत 101 आवेदन भरवाए गए, जिनमें 61 पात्र लाभार्थियों के आवेदन स्वीकृत किए गए। स्वास्थ्य विभाग के शिविर में 30 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विकास खंड मुरसान में निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय, मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, निवर्तमान ब्लाक प्रमुख/प्रशासक रामेश्वर उपाध्याय, खंड विकास अधिकारी नरेंद्र कुमार शर्मा सहित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। यहां 215 लाभार्थियों ने शिविर का लाभ उठाया और विभिन्न योजनाओं के तहत 25 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पात्र लाभार्थियों के आवेदन स्वीकृत किए गए। स्वास्थ्य शिविर में 38 लोगों का परीक्षण किया गया तथा मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत 10 लाभार्थियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। विकास खंड सहपऊ में निवर्तमान ब्लाक प्रमुख/प्रशासक राम किशन, सुरेश सिंह खंड विकास अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में शिविर आयोजित हुआ। यहां 85 लाभार्थियों एवं प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, 6 आवेदन भरवाए गए, जिनमें 3 पात्र लाभार्थियों के आवेदन स्वीकृत हुए तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा 8 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। वहीं विकास खंड सिकंदराराऊ में निवर्तमान ब्लाक प्रमुख/प्रशासक सुदामा देवी, खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह एवं अन्य अधिकारियों ने शिविर में भाग लिया। यहां 157 लाभार्थियों एवं प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न योजनाओं के तहत 56 आवेदन भरवाए गए, जिनमें 52 पात्र लाभार्थियों के आवेदन स्वीकृत किए गए। स्वास्थ्य शिविर में 18 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सेवा सेतु अभियान के तहत आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन एवं सत्यापन की प्रक्रिया को आसान बनाना है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page