हाथरस 23 सितम्बर। पुलिस विभाग में सेवा के साथ अध्ययन जारी रखते हुए आरक्षी राजकुमार ने उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की परीक्षा में सफलता हासिल की है। प्रवक्ता (अंग्रेजी) पद पर चयन होने पर पुलिस अधीक्षक हाथरस ने उन्हें पुलिस कार्यालय में सम्मानित कर नियुक्ति-पत्र प्रदान किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। आरक्षी 411 राजकुमार (पीएनओ-162281516) मूल रूप से फिरोजाबाद जनपद के निवासी हैं और वर्ष 2016 बैच के आरक्षी हैं। भर्ती के बाद उन्होंने जनपद फतेहगढ़ में प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद हाथरस में नियुक्त रहते हुए उन्होंने थाना सादाबाद और थाना चंदपा क्षेत्र में पीआरवी-112 पर सेवाएं दीं। वर्तमान में वह थाना चंदपा क्षेत्र की डायल-112 पीआरवी संख्या 5152 पर तैनात हैं। पुलिस सेवा के दायित्वों का निर्वहन करते हुए राजकुमार ने लगातार अपनी पढ़ाई जारी रखी। उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के परिणामस्वरूप उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के विज्ञापन संख्या 02/2022 के तहत उनका चयन प्रवक्ता (अंग्रेजी) पद के लिए हुआ। उन्हें श्री बेनी माधव तिवारी इंटर कॉलेज, आटा, जनपद जालौन में नियुक्ति मिली है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक हाथरस ने राजकुमार की उपलब्धि की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा की व्यस्तताओं के बीच अध्ययन जारी रखते हुए सफलता हासिल करना उनके परिश्रम और लगन को दर्शाता है। एसपी ने कहा कि राजकुमार ने अन्य पुलिसकर्मियों और युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। पुलिस अधीक्षक ने उन्हें नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं देते हुए सफल भविष्य की कामना की। इस दौरान पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।







