
हाथरस 23 सितम्बर। विश्व हिंदू परिषद द्वारा पूर्व में गौ संबंधी एक प्रकरण को लेकर पुलिस प्रशासन को ज्ञापन एवं शिकायत पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई थी। VHP पदाधिकारियों के अनुसार, पुलिस अधीक्षक द्वारा उन्हें छह दिवस के भीतर जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद जांच रिपोर्ट अथवा प्रकरण में हुई कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने पर बुधवार को VHP की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान पदाधिकारियों ने पुलिस प्रशासन से जांच की स्थिति सार्वजनिक करने और जल्द रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की। VHP पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन प्रशासन का सम्मान करते हुए अब तक धैर्यपूर्वक जांच रिपोर्ट की प्रतीक्षा करता रहा है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई और मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले समय में परम पूजनीय श्री अशोक सिंघल जी की जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आगरा में होने वाले कार्यक्रम के बाद क्षेत्र, प्रांत और विभाग के अधिकारियों के दिशा-निर्देशन में विश्व हिंदू परिषद द्वारा लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से बड़े आंदोलन की घोषणा की जा सकती है। संगठन ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच में दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही संगठन को जांच रिपोर्ट एवं प्रकरण में की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाए। प्रेस वार्ता में हरिगढ़ विभाग के विभाग संगठन मंत्री उमाकांत जी, जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सक्सेना, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, जिला सह मंत्री अमरदीप, जिला संयोजक बजरंग दल अनमोल अग्निहोत्री, जिला गौरक्षा प्रमुख मनोज वार्ष्णेय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।









