Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 22 सितम्बर। हाथरस जंक्शन क्षेत्र के मेंडू कस्बा निवासी एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मारपीट करने, स्त्रीधन छीनने और बच्चे समेत घर से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने महिला थाना पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। मोहल्ला जाटवान कला, कस्बा मेंडू निवासी राखी पुत्री राकेश ने बताया कि उसकी शादी नौ जुलाई 2024 को मथुरा जिले के सुरीर थाना क्षेत्र की बादशाह कबोड़ वाली गली निवासी संदीप पुत्र विशम्बर दयाल के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। पीड़िता के अनुसार, उसके पिता ने खेत बेचकर शादी में करीब छह लाख रुपये खर्च किए थे। इसमें बाइक, घर-गृहस्थी का सामान, कपड़े और अन्य सामान दिया गया था। राखी का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पहुंचने पर पति संदीप कुमार, ससुर, जेठानी और अन्य ससुरालीजन कम दहेज लाने का ताना देने लगे। आरोप है कि अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये और सोने की लर की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी।

पीड़िता ने पति पर रोज शराब पीकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। उसके अनुसार, पति कहता था कि वह तलाक लेना चाहता है और उसकी बीमारी का खर्च नहीं उठा सकता। राखी का आरोप है कि उसकी जेठानियां भी उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज करती थीं। उसने पति पर अपनी भाभियों हेमा और रजनी से अवैध संबंध होने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक, पति अपनी पूरी कमाई उन पर खर्च करता था और बच्चे के इलाज तक का खर्च नहीं उठाता था। राखी ने आरोप लगाया कि पति शराबी दोस्तों को घर पर बुलाकर उनके सामने भी उसके साथ मारपीट करता था। 23 अप्रैल 2026 की शाम ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर उसका स्त्रीधन छीन लिया और बच्चे समेत उसे गाड़ी से मेंडू स्थित मायके में छोड़ गए। पीड़िता का आरोप है कि जाते समय उसे जान से मारने की धमकी दी गई और कहा गया कि बीमारी से उसकी मौत हो गई तो कह देंगे। राखी के मुताबिक, मायके पहुंचने के बाद भी उसके साथ मारपीट की गई। शोर सुनकर धर्मपाल, मुकेश और चरन सिंह समेत अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपित धमकी देते हुए वहां से चले गए। पीड़िता ने महिला थाना पुलिस से मेडिकल परीक्षण कराकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page