सादाबाद (सहपऊ) 22 सितम्बर। क्षेत्र के गांव मानिकपुर निवासी एवं वर्तमान में सादाबाद निवासी अभिषेक कुमार बघेल पुत्र बृजमोहन बघेल ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उनका चयन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में सहायक कमांडेंट के पद पर हुआ है। चयन के बाद प्रशिक्षण के लिए रवाना होने से पूर्व जब अभिषेक अपने गांव मानिकपुर पहुंचे तो ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने उनका फूल-मालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया और उनकी सफलता पर खुशी जताई। अभिषेक कुमार बघेल की सफलता के पीछे उनकी वर्षों की मेहनत, लगन और पढ़ाई के प्रति समर्पण रहा है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव मानिकपुर से प्राप्त की। इसके बाद संत कार्षणि पब्लिक स्कूल, सादाबाद से हाईस्कूल की परीक्षा में 9.8 सीजीपीए हासिल किया। इंटरमीडिएट की पढ़ाई डीपीएस अलीगढ़ से पूरी करते हुए उन्होंने 94.6 प्रतिशत अंक प्राप्त किए।
उच्च शिक्षा के लिए अभिषेक ने दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित किरोड़ीमल कॉलेज से भूगोल विषय में बीए ऑनर्स किया, जिसमें उन्होंने 7.5 सीजीपीए हासिल किया। इसके बाद आगरा विश्वविद्यालय से भूगोल विषय में एमए की पढ़ाई पूरी की। शिक्षा के प्रत्येक पड़ाव पर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और बताया जाता है कि प्रारंभिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा तक वह लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहे। अभिषेक की अकादमिक उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि भूगोल विषय में JRF में 99.27 पर्सेंटाइल हासिल करना है। उच्च शिक्षा और शोध के प्रति उनकी रुचि का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सहायक कमांडेंट के पद पर चयन से पहले वह सेंट जॉन्स कॉलेज, आगरा में भूगोल विषय से पीएचडी कर रहे थे। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी और शोध कार्य के साथ उन्होंने अपने लक्ष्य को हासिल किया। अभिषेक की सफलता की खबर गांव पहुंचते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। प्रशिक्षण के लिए जाने से पहले गांव पहुंचने पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर और शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान अभिषेक ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत को दिया।
अभिषेक की मां महेश कुमारी वर्तमान में मानिकपुर की प्रधान/प्रशासक हैं। बेटे के यूपीएससी परीक्षा पास कर सहायक कमांडेंट बनने से परिवार में भी खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा कि अभिषेक ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। स्वागत समारोह में देवीलाल सेठ, विपिन सेठ, मनी सेठ, सर्वेश बघेल, डॉ. लाखन सिंह, अजय पाल यादव, रवि यादव, जितेंद्र रावल, प्रदीप जैन, राधेश्याम वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने अभिषेक को सहायक कमांडेंट पद पर चयन के लिए बधाई देते हुए उनके सफल प्रशिक्षण और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।









