हाथरस 22 सितम्बर। ब्रज के प्रसिद्ध एवं ऐतिहासिक राजकीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज के 115वें महोत्सव में आयोजित अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल के पांचवें दिन भी पहलवानों ने मल्ल विद्या के शानदार जौहर दिखाए। दंगल अखाड़े में छोटी-बड़ी करीब 130 से अधिक कुश्तियां लड़ी गईं, जिनमें कई मुकाबले आर-पार रहे, जबकि कुछ कुश्तियां बराबरी पर छूटीं। रोमांचक मुकाबलों के दौरान दंगल स्टेडियम में मौजूद दर्शक उत्साह से झूम उठे और उन्होंने पहलवानों के शानदार दांव-पेचों का जमकर आनंद लिया। दंगल का समापन समारोह आज रात्रि आयोजित किया जाएगा। अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल का आयोजन भाजपा युवा मोर्चा के जिला कोषाध्यक्ष एवं वरिष्ठ युवा नेता पं. विपुल गौड़ के संयोजन तथा दंगल अध्यक्ष संतोष शर्मा के नेतृत्व में किया जा रहा है। विशाल दंगल स्टेडियम अखाड़े में देश के नामी-गिरामी पहलवानों के साथ ही विभिन्न राज्यों और क्षेत्रीय स्तर के पहलवान भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। दंगल में क्षेत्रीय पहलवानों को भी बड़े मंच पर अवसर देकर उनकी प्रतिभा को निखारने का प्रयास किया जा रहा है।

दंगल के पांचवें दिन कई महत्वपूर्ण मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहे। 11 हजार रुपये इनाम की कुश्ती अनुज पहलवान दिल्ली और विशाल अवार राजस्थान के बीच हुई, जो बराबरी पर छूटी। इसी इनाम की दूसरी कुश्ती अंकित पहलवान झरिया और भूपेंद्र पहलवान भूतेश्वर मथुरा के बीच हुई, जो भी बराबरी पर रही। 21 हजार रुपये इनाम की कुश्ती विशाल पहलवान दिल्ली और सौरभ लीलू पहलवान झज्जर हरियाणा के बीच हुई, जिसमें मथुरा के पहलवान ने अपने शानदार दांव-पेच से मुकाबला अपने नाम किया। वहीं गौरव पहलवान दिल्ली और भारत पहलवान रोहतक के बीच 21 हजार रुपये की कुश्ती बराबरी पर रही। पोप सिंह पहलवान अखाड़ा बद्री पहलवान दिल्ली और धीरज पहलवान नयाबांस के बीच हुई 21 हजार रुपये की कुश्ती भी काफी रोमांचक रही, लेकिन मुकाबला बराबरी पर छूटा। दंगल में 1 लाख 51 हजार रुपये इनाम की कुश्ती भारत केसरी पहलवान देवा भूतेश्वर मथुरा और रोहित पहलवान हरियाणा के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने काफी देर तक एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। उनके शानदार दांव-पेच देखकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह रहा और अंततः मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ।
दंगल की दूसरी बड़ी कुश्ती 3 लाख 11 हजार रुपये इनाम की मोहित फोगाट पहलवान हरियाणा और मनजीत खत्री पहलवान पंजाब के बीच हुई। करीब लंबे समय तक चले इस मुकाबले में दोनों पहलवानों ने मल्ल विद्या के बेहतरीन जौहर दिखाए। मुकाबले के दौरान दर्शक रोमांचित होकर खड़े रहे। अंततः हरियाणा के मोहित फोगाट ने शानदार दांव लगाते हुए पंजाब के पहलवान मनजीत खत्री को शिकस्त देकर कुश्ती आर-पार कर अपने नाम कर ली। वहीं दंगल की सबसे अंतिम और नंबर एक कुश्ती 4 लाख 11 हजार रुपये इनाम की भारत केसरी पहलवान अजय लखवास, सोहना हरियाणा और भारत केसरी पहलवान मोनू कुरालिया दिल्ली के बीच कराई गई। करीब 15 मिनट चले इस बेहद रोमांचक मुकाबले में दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी और कई शानदार दांव-पेच लगाए। दर्शकों को रोमांच से भर देने वाला यह मुकाबला अंततः बराबरी पर छूटा। पांचवें दिन हुए इन बड़े मुकाबलों ने दंगल के रोमांच को चरम पर पहुंचा दिया। दंगल में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी, सांसद अनूप प्रधान, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, दिव्य प्रेम सेवा मिशन के संस्थापक आशीष गौतम, श्री ब्राह्मण महासभा के पूर्व अध्यक्ष मदन मोहन गौड़ एडवोकेट, जिला पंचायत सदस्य शैलू पहलवान तथा पूर्व अध्यक्ष मुकेश दीक्षित भट्ठा वाले सहित अन्य अतिथि पहुंचे। दंगल संयोजक विपुल गौड़, दंगल अध्यक्ष संतोष शर्मा, दंगल सहयोगी सुभाष उपाध्याय कोल्ड वाले एवं पूरी दंगल कमेटी ने अतिथियों का माला, दुपट्टा, पगड़ी, विशाल फूलों का हार, गदा एवं दाऊ बाबा का छवि चित्र भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया।

दंगल की व्यवस्थाओं में दंगल मार्गदर्शक अशोक शर्मा, स्वागत अध्यक्ष संदीप जादौन, निर्देशक अजय शर्मा, मुख्य व्यवस्थापक विकास भारद्वाज, सहसंयोजक रूपेश दीक्षित, गौरव रावत, सौरभ शर्मा, डॉ. कमल शर्मा, रानू ठाकुर, कोषाध्यक्ष मनोज शर्मा, सौरभ शर्मा आरटीओ, सह कोषाध्यक्ष उदित शर्मा, सह व्यवस्थापक सुग्रीव पंडित सहित पूरी टीम जुटी हुई है। कुश्तियों की रेफरीशिप मुकेश पहलवान, तरुण पहलवान, नवल उस्ताद एवं एनआई कोच तेजबहादुर द्वारा की जा रही है। वहीं कमेंट्री की जिम्मेदारी कुंजबिहारी शर्मा ‘कुंजी गुरु’, पूर्व दंगल संयोजक बौ. प्रशांत शर्मा, दंगल स्पीकर एवं कॉमेंटेटर सुनील बैनवाल तथा सचिन पहलवान संभाल रहे हैं। दंगल की व्यवस्थाओं में हिमांशु गौड़, विपिन लवानियां, अनूप यादव, सुमित शर्मा, भरत, सत्यम, शुभम, गोपाल सिंह, हिमांशु भारद्वाज, विपिन ठाकुर, गौ सेवक राहुल उपाध्याय, योगी ठाकुर, लाला दीक्षित, रजत चतुर्वेदी, प्रतीक शर्मा आदि सहयोग कर रहे हैं। आज रात्रि विराट अखिल भारतीय कुश्ती दंगल के छठवें दिन समापन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें एक बार फिर कई बड़े और ऐतिहासिक मुकाबले देखने को मिलने की उम्मीद है।










