Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 21 सितम्बर। कस्बा मुरसान में रेलवे स्टेशन के सामने पैंठ कॉलोनी स्थित टेंट के गोदाम में रविवार देर रात अचानक आग लग गई। गोदाम से आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखी करीब 350 कुर्सियां, एक जनरेटर, सोफा और टेंट का अन्य सामान जलकर राख हो गया। गोदाम मालिक के मुताबिक आग से काफी नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। गोदाम मालिक अरविंद पुत्र कैलाश चंद शर्मा ने बताया कि रविवार रात करीब 12 बजे गोदाम में अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों ने फोन कर उन्हें घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। लोगों ने घरों में लगे समरसेबल पंप चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

घटना की सूचना दमकल विभाग को भी दी गई। कुछ देर बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आसपास के लोगों के प्रयास से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। गोदाम में आग लगने के कारणों को लेकर अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। अरविंद शर्मा ने बताया कि घटनास्थल पर कोयला भरी एक प्रेस भी मिली है। उनके अनुसार, गोदाम के सामने एक युवक कपड़ों पर प्रेस करने का काम करता है और रोजाना प्रेस में रखे कोयले को बुझाने के बाद शाम को प्रेस को गोदाम में रखकर चला जाता है। गोदाम मालिक ने आशंका जताई कि संभवतः किसी व्यक्ति द्वारा जलती हुई सिगरेट गोदाम की ओर फेंकने से आग लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जानकारी जुटा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page