
हाथरस 20 सितम्बर। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के मेंडू कस्बे के एक मोहल्ले से दो नाबालिग छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। दोनों छात्राएं एक इंटर कॉलेज में पढ़ती हैं। परिजनों ने थाने में तहरीर देकर उनकी तलाश कर बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। तहरीर के अनुसार एक छात्रा की उम्र 16 वर्ष है और वह अपनी सहेली के साथ 18 सितंबर को दोपहर के समय बैंक जाने की बात कहकर हाथरस जंक्शन गई थी। दोनों के देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर दोनों की काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने दोनों छात्राओं के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से उनकी जल्द बरामदगी और मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर छात्राओं की तलाश और मामले की जांच में जुटी है।






