
सिकन्दराराऊ (हसायन) 19 सितम्बर। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी के निर्देशानुसार शनिवार को ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। हसायन स्थित श्री हनुमान इंटर कॉलेज, अण्डौली के श्री संकट मोचन इंटर कॉलेज तथा गडौला के श्री सीताराम सिंह इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए रंगोली, पोस्टर, निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपने सपनों के भारत की कल्पना को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में शिक्षण संस्थान प्रकोष्ठ के जिला सहसंयोजक आरपी शर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष दीपक उपाध्याय तथा सत्यपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि देश के भविष्य को बेहतर बनाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं।
प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगों के माध्यम से विकसित और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को उकेरा, वहीं पोस्टर प्रतियोगिता में शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण, तकनीक और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। निबंध और भाषण प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से भारत के उज्ज्वल भविष्य की कल्पना साझा की। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए जाने के बाद प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और सकारात्मक माहौल बना रहा।








