नोएडा 19 सितम्बर। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में 20 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘प्रेरणा विमर्श 2026’ कार्यक्रम को देखते हुए गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात एडवाइजरी जारी की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई वीआईपी के कार्यक्रम में शामिल होने को देखते हुए सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और आसपास के प्रमुख मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा, जबकि एंबुलेंस, फायर सर्विस, दूध, फल-सब्जी और अन्य आवश्यक सेवाओं के वाहनों को छूट दी जाएगी। यातायात पुलिस के अनुसार चिल्ला रेड लाइट और महामाया फ्लाईओवर की ओर से एक्सप्रेसवे के रास्ते परीचौक या जीरो प्वाइंट जाने वाले वाहनों को डीएनडी फ्लाईओवर से पहले रजनीगंधा की ओर जाने वाले कट से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन रजनीगंधा चौक, सेक्टर-18, सेक्टर-37 अंडरपास और भंगेल एलिवेटेड मार्ग होते हुए कुलेसरा-सूरजपुर की ओर जा सकेंगे। डीएनडी टोल और फिल्मसिटी की ओर से आने वाले वाहनों को फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की ओर भेजा जाएगा, जहां से सेक्टर-18 अंडरपास और एलिवेटेड मार्ग के जरिए आगे जाने की व्यवस्था रहेगी।
कालिंदी कुंज और सेक्टर-37 की ओर से परीचौक या जीरो प्वाइंट जाने वाले वाहनों को सेक्टर-44 गोलचक्कर से डबल सर्विस रोड, हाजीपुर, सेक्टर-93, एल्डिको चौक और एनएसईजेड तिराहा होते हुए कुलेसरा-सूरजपुर की ओर भेजा जाएगा। वहीं हाजीपुर और सेक्टर-82 की तरफ से एक्सप्रेसवे के रास्ते परीचौक जाने वाले वाहनों को सेक्टर-93 कट से सेक्टर-93/92 की ओर डायवर्ट किया जाएगा। इसके बाद वाहन फेस-2 और डीएससी मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। परीचौक से नोएडा की ओर आने वाले वाहनों को एक्सप्रेसवे के बजाय सूरजपुर तिराहा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। यहां से सूरजपुर चौक, कुलेसरा-फेस-2 और भंगेल एलिवेटेड मार्ग के जरिए नोएडा की ओर जाने की व्यवस्था रहेगी। यमुना एक्सप्रेसवे से जीरो प्वाइंट उतरकर नोएडा की तरफ आने वाले वाहनों को भी परीचौक की ओर भेजा जाएगा और इसके बाद सूरजपुर चौक, कुलेसरा-फेस-2 व भंगेल एलिवेटेड मार्ग का इस्तेमाल कराया जाएगा।
हिंडन कट तथा सेक्टर-151/152 की ओर से आने वाले वाहनों को सेक्टर-132 से उतारकर जेनेसिस ग्लोबल स्कूल गोलचक्कर, डबल सर्विस रोड और सेक्टर-128 गोलचक्कर से दाहिने मोड़कर हाजीपुर चौक की ओर भेजा जाएगा। यहां से विश्वकर्मा मार्ग के जरिए सेक्टर-98, 100 और 104 की ओर जाने की व्यवस्था रहेगी। इसी तरह सेक्टर-168/132 की ओर से आने वाला यातायात सेक्टर-128 से उतरकर डबल सर्विस रोड और सेक्टर-128 गोलचक्कर होते हुए हाजीपुर चौक पहुंचेगा और विश्वकर्मा मार्ग से आगे जा सकेगा। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन के दौरान आपातकालीन, मेडिकल और फायर सर्विस वाहनों को सुगम मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि 20 सितंबर को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक अनावश्यक रूप से एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास के प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। यातायात संबंधी किसी परेशानी की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में इस वर्ष ‘उत्कर्ष : नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान’ थीम पर प्रेरणा विमर्श का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में युवा, महिला सशक्तीकरण, तकनीक, मीडिया और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा प्रस्तावित है। आयोजन में करीब पांच हजार युवाओं के बैठने की व्यवस्था किए जाने की जानकारी है।











