Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 सितम्बर। मेला श्री दाऊजी महाराज में 18 सितंबर की रात नौ बजे मेला पंडाल में आयोजित होने वाले ब्रजभाषा कवि सम्मेलन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। वरिष्ठ ब्रजभाषा कवि पं. सुरेश चतुर्वेदी की स्मृति में आयोजित होने वाले इस कवि सम्मेलन का संयोजन प्रसिद्ध आशु कवि अनिल बोहरे द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर शहर में निमंत्रण अभियान भी तेज कर दिया गया है। कवि सम्मेलन के लिए आशु कवि अनिल बोहरे ने अनूठे और पारंपरिक अंदाज में शहर के व्यापारियों एवं आमजन को निमंत्रण दिया। वह स्वयं माइक लेकर व्यापारियों के प्रतिष्ठानों पर पहुंचे और चंदन का तिलक लगाकर पीले चावल भेंट किए। इसके साथ ही निमंत्रण पत्र सौंपकर लोगों से ब्रजभाषा कवि सम्मेलन में शामिल होने का आह्वान किया। निमंत्रण देने के इस आत्मीय अंदाज की शहर में चर्चा रही। अनिल बोहरे ने बताया कि 18 सितंबर काका हाथरसी के आवागमन दिवस के रूप में भी महत्वपूर्ण है। इसी के चलते कार्यक्रम की शुरुआत शाम सात बजे से रात नौ बजे तक काका हाथरसी को समर्पित विशेष काव्य पाठ से होगी। इसके बाद रात नौ बजे से पं. सुरेश चतुर्वेदी की स्मृति में भव्य ब्रजभाषा कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें ब्रजभाषा के वरिष्ठ एवं चर्चित कवि अपनी रचनाओं का पाठ करेंगे। उन्होंने कहा कि ब्रजभाषा ब्रज की संस्कृति, लोक परंपरा और पहचान का अभिन्न हिस्सा है। इस तरह के साहित्यिक आयोजन नई पीढ़ी को ब्रजभाषा, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने व्यापारियों, साहित्य प्रेमियों और आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की। निमंत्रण अभियान के दौरान जीवनलाल शर्मा, गाफिल स्वामी सहित अन्य साथी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page