
हाथरस 17 सितम्बर। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नगला बनारसी प्रहलाद निवासी अनीता देवी पत्नी सुभाष चंद्र ने एसपी को तहरीर देकर बेटे के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार करीब 10 दिन पहले उनके बेटे सौरभ के साथ मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत दर्ज होने के बाद दोनों पक्षों के बीच फैसला हो गया था। आरोप है कि गुरुवार को सौरभ काम से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में अजय, अमित और संतोष ने पुरानी रंजिश के चलते उसे रोक लिया और मारपीट कर दी। आरोप है कि इसके बाद तीनों घर तक पहुंच गए और वहां भी गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना में सौरभ के सिर में चोट आई है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मामले में अनीता देवी ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।







