Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 सितम्बर। ब्रज क्षेत्र की आस्था, सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं के प्रतीक सुप्रसिद्ध 115वें एवं तृतीय प्रान्तीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। मेले का उद्घाटन प्रदेश की महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार मंत्री एवं जनपद की प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ किला परिसर स्थित श्री दाऊजी महाराज मंदिर पहुंचकर दाऊ बाबा एवं रेवती मैया के दर्शन-पूजन के साथ किया। इसके बाद सरस्वती प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं अतिथियों का पटका पहनाकर तथा बुके भेंटकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, जबकि बीएलएस इंटर कॉलेज की छात्राओं ने ब्रज गीत एवं ब्रज लोक नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियों के माध्यम से ब्रज की संस्कृति और लोक परंपराओं की आकर्षक झलक पेश की, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इस दौरान छात्र चिराग वर्मा, शिवांश वर्मा एवं पवन वर्मा ने प्रभारी मंत्री सहित अतिथियों को झूला एवं नाव के मॉडल भेंट किए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मेले का परिचय देते हुए कहा कि श्री दाऊजी महाराज का यह मेला केवल हाथरस का वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि ब्रज क्षेत्र की आस्था, लोक संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मेले की परंपरा वर्ष 1912 में छोटे आयोजन के रूप में शुरू हुई थी, जो समय के साथ विस्तार पाकर आज विशाल लक्खी मेले का स्वरूप ले चुकी है। इसके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए वर्ष 2024 में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा इसे राजकीय मेला घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि राजा दयाराम के ऐतिहासिक किला परिसर स्थित श्री दाऊजी महाराज मंदिर में आयोजित होने वाला यह मेला पीढ़ियों से चली आ रही आस्था एवं परंपराओं को जीवंत रखने के साथ हाथरस की सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाने का माध्यम है। जिलाधिकारी ने बताया कि मेले में कवि सम्मेलन, किसान एवं कृषि सम्मेलन, महिला एवं बाल कार्यक्रम, साहित्य सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पंजाबी दरबार, भजन एवं संगीत सम्मेलन सहित विभिन्न आयोजन होंगे। श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, स्वच्छता, प्रकाश एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने कहा कि श्री दाऊजी महाराज की पावन धरती पर आकर दर्शन करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का लक्खी मेला धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के साथ जनसेवा और जनकल्याण की भावना को जोड़ने का भी अवसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस, विश्वकर्मा जयंती और मेले के शुभारंभ को विशेष संयोग बताते हुए सेवा संकल्प अभियान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, आर्थिक सशक्तीकरण, शिक्षा, रोजगार और सम्मान के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने श्री दाऊजी महाराज से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की तथा आगामी पर्वों को आपसी भाईचारे, सौहार्द और प्रेम के साथ मनाने की अपील की। सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने मेले के शुभारंभ पर जनपदवासियों एवं श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए श्री दाऊजी महाराज मेले के ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व का उल्लेख किया। उन्होंने मेले की परंपरा से जुड़े पुराने प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह आयोजन जनपद की आस्था और गौरव से जुड़ा है। उन्होंने मेले की तैयारियों में जुटे अधिकारियों, कर्मचारियों, आयोजकों एवं सहयोगियों को बधाई दी तथा प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। वहीं जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर एवं निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सीमा उपाध्याय ने भी मेले के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का मेला हाथरस की आस्था, संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है तथा प्रांतीय मेला घोषित होने के बाद इसके स्वरूप एवं व्यवस्थाओं में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। जनप्रतिनिधियों ने मेले में आयोजित होने वाले दंगल, रासलीला, कवि सम्मेलन सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों को हाथरस की लोक विधाओं एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम के अंत में प्रभारी मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य ने श्री दाऊजी महाराज मेला पंडाल स्थित अखाड़े में आयोजित कुश्ती दंगल का आनंद लिया और पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, ब्लॉक प्रमुखों, सांसद प्रतिनिधि, पत्रकारों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page