Hamara Hathras

Latest News

सासनी 16 सितम्बर। सासनी क्षेत्र के भोजगढ़ी गांव की 18 वर्षीय मेघना चौधरी का 14 सितंबर को भारतीय ड्यूबॉल टीम में चयन हुआ है। मेघना के भारतीय टीम में चुने जाने की खबर मिलते ही परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। मेघना अब 20 से 22 सितंबर 2026 तक आगरा के बालूनी पब्लिक स्कूल में बांग्लादेश के खिलाफ होने वाली सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। ड्यूबॉल बास्केटबॉल, हैंडबॉल और फुटबॉल का मिश्रित खेल है, जिसकी शुरुआत भारत के नागपुर से हुई थी। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाली मेघना के पिता चौधरी सरजू सिंह खेती करते हैं। उन्होंने कक्षा 8 तक सासनी के ज्ञान अकेडमी से पढ़ाई की, जबकि कक्षा 9 से इंटरमीडिएट तक की शिक्षा एबीजी गुरुकुलम सासनी से पूरी की। वर्तमान में वह अंजू प्रियंका डिग्री कॉलेज, सासनी से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। खेल के क्षेत्र में मेघना अब तक चार बार उत्तर प्रदेश और चार बार राष्ट्रीय टीम के लिए खेल चुकी हैं। भारतीय टीम में चयन के बाद वह अपने कोच चौधरी दिलीप सिंह की देखरेख में ज्ञान अकेडमी स्कूल में अभ्यास कर रही हैं और आगरा में होने वाली सीरीज के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं। मेघना अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, परिवार और गुरु व कोच को देते हुए सासनी और देश का नाम रोशन करने की इच्छा रखती हैं। बेटी के भारतीय टीम में चयन से भोजगढ़ी गांव सहित पूरे सासनी क्षेत्र में खुशी का माहौल है और परिजन, रिश्तेदार व ग्रामीण उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page