हाथरस 29 सितम्बर। ऐतिहासिक मेला श्री दाऊजी महाराज के मुख्य पंडाल में सोमवार देर रात इंडियन आइडल नाइट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में इंडियन आइडल समेत विभिन्न संगीत मंचों से पहचान बना चुके जतिन निगम, दिव्यांशी मौर्या और कुलदीप सिंह चौहान ने अपनी प्रस्तुतियों से संगीत प्रेमियों का मनोरंजन किया। कार्यक्रम मंगलवार सुबह तक चला। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, मुरसान ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय सहित अन्य अतिथियों और अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान एडीएम प्रशांत तिवारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
इसके बाद कलाकारों ने मंच संभाला और फिल्मी गीतों की प्रस्तुतियों से माहौल को संगीतमय बना दिया। जतिन निगम ने ‘मेरी उम्र के नौजवानों’ और ‘मेरे रश्के कमर’ जैसे गीत प्रस्तुत किए। वहीं कुलदीप सिंह चौहान ने भी कई सदाबहार गीत सुनाकर श्रोताओं का मनोरंजन किया। दिव्यांशी मौर्या की प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में रंग जमाया। हालांकि रात करीब 10:30 बजे के बाद कार्यक्रम का उत्साह कुछ कम होता दिखाई दिया। मुख्य पंडाल में अपेक्षा के अनुरूप भीड़ नजर नहीं आई, वहीं कार्यक्रम स्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों के लिए लगाए गए सोफे भी खाली दिखाई देने लगे। इसके चलते कार्यक्रम का अंतिम दौर शुरुआती उत्साह की तुलना में कुछ फीका नजर आया। मेला श्री दाऊजी महाराज में इन दिनों विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक और मनोरंजक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित इंडियन आइडल नाइट में कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से लोगों का मनोरंजन किया, हालांकि देर रात कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ और उत्साह देखने को नहीं मिला।








