Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 14 सितम्बर। चंदपा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से छह दिन पहले घर से लापता हुई युवती को पुलिस ने आज तड़के आगरा से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस युवती को चंदपा कोतवाली लेकर आई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। युवती के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आगरा निवासी गांव के एक रिश्तेदार युवक के खिलाफ उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार चंदपा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती आठ सितंबर को अचानक घर से चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने चंदपा कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने युवती की तलाश शुरू कर दी, लेकिन करीब पांच दिन तक उसका पता नहीं चल सका। इससे नाराज परिजन और ग्रामीण रविवार को चंदपा कोतवाली पहुंच गए और युवती की जल्द बरामदगी की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

इसके बाद पुलिस ने युवती की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने सर्विलांस के साथ ही करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार प्रयासों के बाद सोमवार तड़के पुलिस ने युवती को आगरा से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार युवती की तलाश के दौरान करीब दस युवकों से पूछताछ भी की गई थी। युवती को चंदपा कोतवाली लाकर पुलिस उससे घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। सीओ सादाबाद योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि युवती की तलाश में तीन पुलिस टीमें लगाई गई थीं। सर्विलांस और सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसे आगरा से सकुशल बरामद कर लिया गया है। युवती का चिकित्सीय परीक्षण कराया जाएगा और न्यायालय में उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page