
हाथरस 14 सितम्बर। आज आबकारी विभाग की टीम ने जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सघन निरीक्षण और चेकिंग अभियान चलाया। क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक ने टीम के साथ देशी शराब एवं कंपोजिट शॉप की फुटकर दुकानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों में उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का मिलान किया गया। साथ ही रैंडम आधार पर क्यूआर कोड को एक्साइज एप के माध्यम से स्कैन कर मदिरा का सत्यापन किया गया। आबकारी टीम ने शराब विक्रेताओं को पीओएस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत मदिरा स्कैन करने के बाद ही बिक्री करने के निर्देश दिए। अभियान के तहत सिकंदराराऊ क्षेत्र के पोरा और वाजिदपुर गांवों में भी दबिश दी गई। इसके अलावा वाजिदपुर बॉर्डर पर स्थित ईंट भट्ठों की चेकिंग की गई। आबकारी विभाग की टीम ने अलीगढ़ प्रवर्तन टीम के साथ अकराबाद टोल पर वाहनों की भी सघन चेकिंग की। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ शराब की दुकानों पर निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना रहा। विभाग की ओर से आगे भी इसी तरह के आकस्मिक निरीक्षण और चेकिंग अभियान जारी रखने की बात कही गई है।










