
हाथरस 14 सितम्बर। यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में शामिल होने की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। बोर्ड ने परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। अब आवेदन से वंचित रह गए संस्थागत (रेगुलर) और व्यक्तिगत (प्राइवेट) परीक्षार्थी 28 सितंबर तक परीक्षा शुल्क जमा करने के साथ अपना ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। बोर्ड की ओर से जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार संस्थागत परीक्षार्थियों से प्राप्त परीक्षा शुल्क को कोषागार में जमा करने और इसकी सूचना परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड करने की अंतिम तिथि भी 28 सितंबर निर्धारित की गई है। इसके बाद विद्यालयों की ओर से छात्र-छात्राओं से संबंधित परीक्षा विवरण 30 सितंबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किए जा सकेंगे।
परीक्षा संबंधी विवरण अपलोड होने के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य छात्र-छात्राओं की नामावली और विवरण की चेकलिस्ट निकालकर उसका गहनता से सत्यापन करेंगे। जांच के दौरान यदि किसी परीक्षार्थी के नाम, माता-पिता के नाम की स्पेलिंग, जन्मतिथि, विषय या फोटो में किसी प्रकार की त्रुटि मिलती है तो उसमें संशोधन का भी अवसर दिया जाएगा। प्रधानाचार्य एक अक्तूबर से छह अक्तूबर की मध्यरात्रि 12 बजे तक बोर्ड की वेबसाइट पर जाकर आवश्यक संशोधन कर सकेंगे। बोर्ड ने सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर परीक्षा आवेदन और अन्य सभी औपचारिकताएं पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। इससे आवेदन प्रक्रिया से छूट गए विद्यार्थियों को एक और अवसर मिल गया है।










