
हाथरस 14 सितम्बर। एक तरफ केंद्र और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। अधिकारियों को स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन हाथरस में जिम्मेदार अधिकारियों की कथित अनदेखी और लापरवाही इन दावों पर सवाल खड़े करती नजर आ रही है। मामला हाथरस जिले के नया बांस और सुरंगपुरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़ा है, जहां मासूम बच्चे बदहाल और असुरक्षित माहौल में पढ़ाई करने को मजबूर बताए जा रहे हैं। केंद्र की स्थिति को बयां करता एक वीडियो सामने आया है, जिसमें आंगनवाड़ी केंद्र की बदहाल व्यवस्था साफ दिखाई दे रही है।
वीडियो में केंद्र की छत का गाडर बीच से झुका हुआ नजर आ रहा है। इसकी हालत देखकर कभी भी हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं केंद्र परिसर में गंदगी का अंबार भी दिखाई दे रहा है। ऐसे में यहां आने वाले छोटे-छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए केंद्र की खराब स्थिति को लेकर कई बार शिकायत भी की जा चुकी है। कुछ जिम्मेदार लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेने के साथ वीडियो भी बनाया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहे हैं? आंगनवाड़ी केंद्र में पढ़ने वाले मासूम बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? अब देखना होगा कि इस वीडियो के सामने आने के बाद जिम्मेदार अधिकारी कब तक मामले का संज्ञान लेते हैं और जर्जर छत व गंदगी की समस्या को दूर कर बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाता है।










