
हाथरस 13 सितम्बर । कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के जलेसर रोड स्थित गढ़ी जैनी गांव में रविवार को 10 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्ची घर में खेल रही थी, इसी दौरान अचानक जमीन पर गिरकर बेहोश हो गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल की इमरजेंसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
गढ़ी जैनी निवासी मनमोहन की 10 वर्षीय बेटी महक रविवार सुबह करीब 11 बजे घर में खेल रही थी। बताया गया है कि खेलते समय अचानक वह जमीन पर गिर गई और अचेत हो गई। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इमरजेंसी में चिकित्सकों ने बच्ची की जांच की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बच्ची की मौत की सूचना अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए बच्ची के शव को अपने साथ घर ले गए। बताया गया है कि बच्ची पहले से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित नहीं थी। बच्ची की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। चिकित्सकों के अनुसार अचानक हुई मौत के पीछे हृदय संबंधी समस्या, ब्रेन हैमरेज या कोई अन्य आंतरिक कारण होने की संभावना हो सकती है, लेकिन पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण मृत्यु के कारण की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हो सकी।





