हाथरस 13 सितम्बर । थाना हाथरस गेट क्षेत्र के एक गांव में विधवा महिला और उसके बेटे पर कथित रूप से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पहले पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने 13 नामजद और छह अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के अनुसार घटना 26 जुलाई की सुबह की है। वह अपने बेटे पंकज के साथ खेत में पानी लगा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव के राजेंद्र सिंह, हरप्रसाद, पवन, सुमित, नीरज, शिवकुमार, सीमा, ललिता, देवेंद्र, पुष्पेंद्र, कान्हा तथा इटोली निवासी विकल और छह अज्ञात लोग एकराय होकर लाठी-डंडे, तमंचा, सरिया और फरसा लेकर खेत पर पहुंच गए। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपितों ने महिला के साथ अश्लील हरकत और छेड़छाड़ की। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर पवन और विकल ने उसके बेटे पंकज के सिर पर तमंचे की बट से वार कर दिया। शोर सुनकर बचाने पहुंचीं शशि, विपिन, पिंकी, खुशी, विमलेश और उर्मिला के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां पंकज की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद उसने थाना हाथरस गेट में रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से शिकायत भेजी, लेकिन वहां से भी कार्रवाई नहीं होने पर उसने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के निर्देश के बाद पुलिस ने अब मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।






