
हाथरस 13 सितम्बर । कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव खेड़ा चतुर्भुज में पड़ोसियों द्वारा एक युवक के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि उसके साथ मारपीट करने के साथ ही आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है। गांव खेड़ा चतुर्भुज निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि एक सितंबर की शाम वह अपने घर पर पत्नी से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली संजू देवी पत्नी गोपाल उर्फ लोकेंद्र ने उसे और उसके परिवार को गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। अनिल के अनुसार, जब वह घर से अपने घेर की ओर जा रहा था, तभी संजू देवी ने उसके सिर पर डंडा मार दिया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद लाढपुर निवासी बंटी और देवेंद्र तथा खेड़ा चतुर्भुज निवासी मुख्तियार सिंह ने भी उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। अनिल ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





