
हाथरस 13 सितम्बर । थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के देवी नगर रोड पर चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना के समय मकान मालिक परिवार सहित अपनी बहन के गृह प्रवेश कार्यक्रम में गया हुआ था। घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई। पीड़ित ने 14 सितंबर को थाने में तहरीर देकर अभियोग पंजीकृत कराया है। देवी नगर रोड निवासी राधेश्याम ने थाना अध्यक्ष हाथरस जंक्शन को दी तहरीर में बताया कि वह आठ सितंबर को परिवार सहित अपनी बहन के गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोपहर में जब परिवार के साथ घर लौटे तो मकान के अंदर रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। पीड़ित के अनुसार, अज्ञात चोरों ने दिन में करीब 11 बजे के आसपास वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने घर में रखी अलमारी को खंगाला और उसमें रखी चेन, अंगूठी, पायल और झुमकी समेत अन्य जेवरात चोरी कर लिए। घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दी और 14 सितंबर को थाने पहुंचकर तहरीर दी। पुलिस ने घटना के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।





