
हाथरस 13 सितम्बर। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ऐहन में लापरवाही का मामला सामने आया है। रविवार को जिले के सभी पीएचसी पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आरोग्य मेले का आयोजन होना था, लेकिन आरोप है कि पीएचसी ऐहन को निर्धारित समय से करीब दो घंटे पहले ही बंद कर दिया गया और वहां तैनात स्टाफ केंद्र से चला गया। दोपहर करीब 2:41 बजे मनोज नाम के एक व्यक्ति ने स्वास्थ्य केंद्र बंद होने की शिकायत की। शिकायत मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने पीएचसी ऐहन के चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार से फोन पर जानकारी ली। डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि उन्हें आरोग्य मेले के समय को लेकर भ्रम हो गया था, जिसके चलते उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र को दोपहर दो बजे ही बंद कर दिया था। मामले की जानकारी मिलते ही सीएमओ ने डॉ. प्रशांत कुमार को पूरे स्टाफ के साथ तत्काल पीएचसी पहुंचने के निर्देश दिए। साथ ही महौ ब्लॉक के चिकित्सा अधीक्षक को भी मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों की उपस्थिति जांचने को कहा गया। कुछ देर बाद चिकित्सा अधीक्षक और पूरा स्टाफ पीएचसी पहुंच गया। शिकायतकर्ता से भी मामले की पुष्टि की गई। स्वास्थ्य विभाग ने इसे शासकीय कार्य के प्रति लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की है। पीएचसी ऐहन पर चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, फार्मासिस्ट शैलेंद्र सिंह, स्टाफ नर्स डोली, वार्ड बॉय मनोज कुमार और स्वीपर कम चौकीदार शिशुपाल तैनात हैं। सीएमओ डॉ. वेद प्रकाश ने बताया कि लापरवाही के मामले में पीएचसी ऐहन के पूरे स्टाफ का एक दिन का वेतन काटने की कार्रवाई की गई है।








