
हाथरस 11 सितम्बर। अलीगढ़ रोड स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र की ओर से जल संरक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्र प्रभारी बीके शांता बहन ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि जल जीवन के लिए बहुमूल्य निधि है। जल है तो जीवन है और जल रहेगा तो जीवन सुरक्षित रहेगा। उन्होंने बच्चों से जल की बचत करने के साथ-साथ उसे प्रदूषित होने से बचाने में भी योगदान देने का आह्वान किया। बीके दिनेश भाई ने कहा कि मानव शरीर में मस्तिष्क का बड़ा हिस्सा जल से बना होता है, इसलिए बच्चों को शरीर में जल की कमी नहीं होने देनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से परीक्षा के समय पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जल पर संकल्पों और भावनाओं का भी प्रभाव पड़ता है तथा जल अपनी संरचना में परिवर्तन करने की क्षमता रखता है। इस दौरान गजेंद्र भाई द्वारा पीटी प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य बरखा गुप्ता सहित स्कूल के सभी शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर बीके शांता बहन ने सभी विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा इसके लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिज्ञा दिलाई।









