
हाथरस 11 सितम्बर। पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने रिजर्व पुलिस लाइन हाथरस में शुक्रवार परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। परेड में शामिल पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से फिट रखने के लिए दौड़ कराई गई। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों में अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के उद्देश्य से टोलीवार ड्रिल भी कराई गई। परेड के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों की वर्दी का निरीक्षण किया और सभी को साफ-सुथरी एवं निर्धारित वर्दी धारण करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने डायल-112 के दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान वाहनों की साफ-सफाई, घटनास्थल किट, हूटर आदि की जांच की गई तथा वाहनों के उचित रखरखाव को लेकर प्रभारी डायल-112 को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस लाइन में मौजूद ड्रोन कैमरा आदि का भी निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने क्वार्टर गार्द का निरीक्षण किया। क्वार्टर गार्द पर तैनात गार्द द्वारा उन्हें सलामी दी गई। उन्होंने क्वार्टर गार्द में उचित साफ-सफाई बनाए रखने के लिए स्टोर मोहर्रिर और प्रतिसार निरीक्षक को निर्देशित किया। इसके पश्चात पुलिस लाइन स्थित आदेश कक्ष में अर्दली रूम किया गया, जहां विभिन्न शाखाओं और गार्दों के रजिस्टर एवं निरीक्षण पुस्तिकाओं को चेक किया गया। एसपी ने संबंधित अधिकारियों को जनपद में लगी गार्दों का समय-समय पर निरीक्षण करने और निरीक्षण पुस्तिका में उसका अंकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिसार निरीक्षक को पुलिस लाइन में नियमित रूप से साफ-सफाई कराने के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी कार्यालय योगेन्द्र कृष्ण नारायण, प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार सिंह सहित विभिन्न थानों, कार्यालयों और पुलिस लाइन से आए अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।









