
हाथरस 11 सितम्बर। आगामी त्योहारों, विशेषकर दीपावली के दृष्टिगत जनपद में पटाखों के सुरक्षित भंडारण, परिवहन एवं बिक्री की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ पटाखा गोदाम मैसर्स प्रदीप जनरल स्टोर, गुमानापुर, कोटा-मथुरा रोड, हाथरस का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने गोदाम में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पटाखों के भंडारण और अग्नि सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की बारीकी से जांच की। जिलाधिकारी ने गोदाम में पटाखों के भंडारण की व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा उपकरण, फायर हाइड्रेंट, पानी की टंकी, प्रेशर पंप सहित अन्य सुरक्षा संसाधनों का निरीक्षण किया। उन्होंने गोदाम संचालक से सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था, आकस्मिक स्थिति से निपटने की तैयारियों तथा कर्मचारियों को दिए गए प्रशिक्षण की जानकारी ली। साथ ही भंडारण में उपलब्ध पटाखों की पैकिंग पर अंकित निर्माण तिथि की भी जांच की गई। गोदाम संचालक ने बताया कि गोदाम निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त क्षेत्रफल में संचालित है। गोदाम में करीब 1.25 लाख किलोग्राम पटाखों के भंडारण का लाइसेंस है तथा परिसर में कुल 30 स्टोर रूम/मैगजीन स्थापित हैं। यह गोदाम मुख्य रूप से थोक स्तर पर भंडारण एवं वितरण केंद्र के रूप में संचालित होता है, जहां पटाखे सीधे निर्माताओं से खरीदे जाते हैं और यहां से जनपद सहित अन्य जनपदों के लाइसेंसधारी रिटेलर एवं सेमी-होलसेलर को आपूर्ति की जाती है।
निरीक्षण के दौरान गोदाम में प्रमुख सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। जिलाधिकारी ने आगामी त्योहारों को देखते हुए पटाखों के भंडारण एवं कारोबार में निर्धारित सुरक्षा मानकों का निरंतर पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखों के परिवहन के दौरान भी सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और किसी भी दशा में असुरक्षित तरीके से पटाखों का परिवहन न किया जाए। गोदाम संचालक को अग्नि सुरक्षा से संबंधित सभी उपकरण सदैव क्रियाशील रखने तथा कर्मचारियों को आपात स्थिति से निपटने के लिए समय-समय पर आवश्यक प्रशिक्षण एवं जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पटाखों की बिक्री केवल निर्धारित लाइसेंस एवं अनुमति प्राप्त व्यक्तियों को ही की जाए और पटाखों की खरीद करने वाले लाइसेंसधारियों द्वारा भी निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। गोदाम में नो-स्मोकिंग क्षेत्र, फायर एक्सटिंग्विशर सहित अन्य अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का प्रभावी पालन कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में पिछले सप्ताह व्यापक अभियान चलाकर पटाखों के भंडारण एवं कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच कराई गई है। बड़े एवं संवेदनशील प्रतिष्ठानों का प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा स्वयं निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आबादी वाले क्षेत्रों में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण, निर्माण अथवा कारोबार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बिना लाइसेंस अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत पटाखों का अवैध कारोबार करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने आमजन से भी अपील की कि पटाखों की खरीद एवं उपयोग के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें तथा किसी भी प्रकार के अवैध भंडारण या बिक्री की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों के दृष्टिगत प्रशासन एवं पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी एवं जांच अभियान जारी रखा जाएगा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वि./रा., अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।










