
हाथरस 11 सितम्बर। 17 सितंबर बल्देव छठ से प्रारंभ होने वाले ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं आमजनमानस की आस्था के प्रतीक श्री दाऊजी महाराज राजकीय मेले के भव्य आयोजन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ मेला परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सभी निर्माण कार्य एवं जनसुविधाओं से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में प्रत्येक दशा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मंदिर की रंगाई-पुताई, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, कंट्रोल रूम, प्रशासनिक शिविर, इंटरलॉकिंग, बैरिकेडिंग, विद्युत सुरक्षा उपकरण, प्रकाश, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, जल निकासी सहित अन्य व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण कर कमियों का तत्काल निराकरण कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बारिश की स्थिति में मेला परिसर में कहीं भी जलभराव न होने पाए, इसके लिए जल निकासी व्यवस्था की लगातार निगरानी की जाए। सुरक्षा व्यवस्था के तहत भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने तथा आपातकालीन मार्गों को हर समय अतिक्रमण मुक्त एवं सुगम बनाए रखने के निर्देश दिए गए। फायर सर्विस एवं पुलिस-प्रशासन के कैंप रणनीतिक स्थानों पर स्थापित कर त्वरित रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने तथा झूलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया। दुकानों एवं झूलों का आवंटन निर्धारित ले-आउट के अनुसार ही करने और आवागमन के मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने देने के निर्देश दिए गए। साथ ही पर्याप्त डस्टबिन, नियमित कूड़ा उठान, पेयजल, शौचालय, प्रकाश एवं साइनेज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने मेले के आयोजन से पूर्व पूरे मेला क्षेत्र का ड्राई रन कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्राई रन के दौरान सुरक्षा, यातायात, अग्निशमन, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन सेवाओं, प्रकाश एवं जल निकासी सहित सभी व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाए और यदि कोई कमी सामने आती है तो उसे तत्काल दूर कराया जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने बताया कि मेले को सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाने के लिए इस बार आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के साथ सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पंडाल के शेड का विस्तार कराया गया है तथा आवश्यक सूचनाओं एवं अनाउंसमेंट के लिए मिनी स्टेज का निर्माण कराया गया है। जलभराव एवं गंदगी की समस्या के समाधान के लिए तालाब की ड्रेनिंग एवं सफाई कराई गई है। वेस्ट वाटर के समुचित निस्तारण के साथ मिट्टी भराई कर अतिरिक्त स्थान भी विकसित किया गया है। प्रत्येक दुकान एवं झूले तक सुगम आवागमन के लिए व्यापक स्तर पर इंटरलॉकिंग कराई गई है तथा स्थायी बैरिकेडिंग की व्यवस्था भी की गई है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेले की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने तथा साफ किए गए स्थानों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले की भव्यता के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुव्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वि./रा., उप जिलाधिकारी सदर, अग्निशमन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।










