Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 11 सितम्बर। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (UFBU) के आह्वान पर 11 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल के समर्थन में हाथरस में बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, अलीगढ़ रोड के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया। बैंककर्मियों ने “5-दिवसीय बैंकिंग लागू करो” और “PLI में भेदभाव बंद करो” जैसे नारे लगाते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से लंबित हैं और इनके समाधान के लिए लगातार संगठनात्मक एवं लोकतांत्रिक माध्यमों से प्रयास किए जा रहे हैं। वक्ताओं ने बताया कि 8 मार्च 2024 को इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) एवं चार अधिकारी संगठनों के बीच हुए समझौता ज्ञापन में लंबित मुद्दों के समाधान के लिए छह माह की समय-सीमा निर्धारित किए जाने का आश्वासन दिया गया था। इनमें 5-दिवसीय बैंकिंग सप्ताह, विनियमित कार्य घंटे, सभी बैंककर्मियों के लिए समान PLI, पेंशन अपडेशन तथा निजी क्षेत्र के बैंकों के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अनुग्रह राशि का भुगतान सहित अन्य मांगें शामिल थीं, लेकिन इन पर अपेक्षित गति से कार्रवाई नहीं होने का आरोप बैंककर्मियों ने लगाया।

वक्ताओं ने कहा कि UFBU द्वारा 24 एवं 25 मार्च 2025 को प्रस्तावित हड़ताल सरकार एवं IBA के आश्वासन के बाद स्थगित की गई थी, लेकिन मांगों पर अपेक्षित प्रगति नहीं होने के कारण 27 जनवरी 2026 को फिर हड़ताल का सहारा लेना पड़ा। संगठनों की ओर से “राइट टू डिस्कनेक्ट” सहित कर्मचारियों के कार्य-जीवन संतुलन से जुड़े मुद्दे भी उठाए जा रहे हैं। 5-दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था की मांग को लेकर वक्ताओं ने कहा कि यह मांग वर्ष 2015 में दूसरे एवं चौथे शनिवार को अवकाश की व्यवस्था लागू होने के बाद से लगातार उठाई जा रही है। यूनियनों का कहना है कि पांच-दिवसीय बैंकिंग लागू होने पर प्रतिदिन कार्य अवधि में लगभग 40 मिनट की वृद्धि करके साप्ताहिक कार्य समय को संतुलित रखा जा सकता है। UFBU पदाधिकारियों के अनुसार 5-दिवसीय बैंकिंग संबंधी प्रस्ताव IBA द्वारा सरकार को भेजा जा चुका है, लेकिन उस पर सरकार की अंतिम स्वीकृति अभी अपेक्षित है।

सभा को संबोधित करते हुए UFBU के जिला सह-संयोजक पुष्पांकर जैन, जिला अध्यक्ष अजय कुमार (UPBEU), उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक अधिकारी एसोसिएशन हाथरस इकाई के अध्यक्ष संजीव विश्नावत, अधिकारी यूनियन के सौरभ राजपूत, SBI अधिकारी यूनियन के मंत्री प्रवीण सिंह, जिला मंत्री विष्णु चौधरी, यूपी बैंक एम्प्लाई यूनियन के जिला मंत्री राजेंद्र सिंह तथा संयुक्त मंत्री निशांत वार्ष्णेय ने बैंककर्मियों से एकजुट होकर संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि यदि 5-दिवसीय बैंकिंग लागू करने, पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने और PLI में भेदभाव समाप्त करने सहित अन्य लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इसके तहत 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय हड़ताल तथा 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल का कार्यक्रम घोषित किया गया है। प्रदर्शन के दौरान डीसी गुप्ता, जीके शर्मा, अमन शर्मा, श्रीकांत गर्ग, उमा शंकर जैन, चंद्रशेखर, रजत चौधरी, भीकम सिंह, सुशील शर्मा, आकाश परमार,विजय दुबे, रिंकू, संजू चौधरी, रामहरी , अमर सिंह, नरेंद्र कुमार, धनवीर सिंह, हरि कृष्ण, दीपू, अभिषक चौधरी, बीपी अग्रवाल, मांडवी, प्राची, महेश बाबू, रमाकांत, राम, सुभाष, शंकरलाल, जगमोहन, राकेश अग्रवाल, राजेश, करतार सिंह व पवन कुमार सहित सैकड़ों बैंक अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page