Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 सितंबर । कोतवाली सदर क्षेत्र के चामड़ गेट स्थित एक मकान में चोरी के मामले में अभियोग पंजीकृत न होने पर पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि बंद मकान से पुश्तैनी जेवरात समेत कीमती सामान चोरी कर लिया गया। शिकायत के बाद बुधवार को पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। चामड़ गेट निवासी मंजू वर्मा ने बताया कि वह वर्ष 2019 से बेंगलूरु में रह रही हैं। पति के उपचार और बेटी की पढ़ाई के चलते उनका परिवार वहीं बस गया। हाथरस स्थित मकान पर ताला लगा हुआ था। मंजू वर्मा और उनकी बेटी खुशबू वर्मा के मुताबिक, करीब दो वर्ष पहले जब वे हाथरस आई थीं, तब मकान सही स्थिति में था और घर का सामान भी मौजूद था।

करीब 15 दिन पहले उन्हें सूचना मिली कि मकान पर किसी ने कुंडा लगा दिया है। इसके बाद वे बेंगलूरु से हाथरस पहुंचीं। मकान की हालत देखकर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मंजू वर्मा ने अपने पड़ोसी रिश्तेदारों पर संदेह जताते हुए उन्हें जिम्मेदार बताया है। परिचित प्रभात कौशल की सूचना पर बुधवार को पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मकान की स्थिति बेहद जर्जर मिली। घर की छत गिरी हुई थी और पिछले हिस्से की दीवार टूटी हुई थी। पीड़िता का दावा है कि इसी रास्ते से चोर मकान में दाखिल हुए होंगे। कमरों में कूड़े का ढेर पड़ा था और कई दरवाजे टूटे हुए मिले। मंजू वर्मा के अनुसार, घर के पिछले कमरे में एक तिजोरी रखी थी, जिसमें पुश्तैनी जेवरात रखे थे। उनका परिवार शहर में सराफा कारोबार से भी जुड़ा रहा है। इसके अलावा लोहे की अलमारी में भी कीमती सामान रखा होने की बात उन्होंने कही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page