हाथरस 10 सितंबर । शहर में ई-रिक्शाओं के संचालन को सुव्यवस्थित करने और यात्रियों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए हाथरस पुलिस ने 600 ई-रिक्शाओं के सत्यापन अभियान की शुरुआत की है। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने अभियान का शुभारंभ किया। पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के साथ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, अपराध नियंत्रण में मदद लेना और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाना है।
चालक और वाहन के दस्तावेजों की होगी जांच
सत्यापन अभियान के दौरान ई-रिक्शा चालकों एवं वाहन स्वामियों का विवरण, पहचान, मोबाइल नंबर, पता तथा वाहन से संबंधित आवश्यक अभिलेखों का सत्यापन किया जा रहा है। इसके साथ ही वाहन पंजीकरण, ड्राइविंग लाइसेंस, बीमा, फिटनेस सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच कर रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा।
हर सत्यापित ई-रिक्शा को मिलेगा यूनिक QR कोड
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्येक सत्यापित ई-रिक्शा को विशिष्ट पहचान और यूनिक QR कोड उपलब्ध कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर QR कोड के माध्यम से वाहन और चालक की पहचान आसानी से की जा सकेगी। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना, शिकायत, आपात स्थिति या जांच के दौरान संबंधित ई-रिक्शा और चालक की पहचान करने में यह व्यवस्था मददगार साबित होगी।
ओवरलोडिंग और नाबालिगों के ई-रिक्शा चलाने पर रोक
एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित मार्गों पर ही वाहन चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरलोडिंग से बचने तथा वाहन के सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखने को कहा। चालकों को महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए भी जागरूक किया गया। अभियान के तहत नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा संचालन पर रोक, निर्धारित रूट एवं स्टैंड व्यवस्था का पालन और अवैध संचालन या ओवरलोडिंग की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
डिजिटल डाटाबेस से अपराध नियंत्रण में मिलेगी मदद
पुलिस द्वारा सत्यापित ई-रिक्शाओं का डिजिटल डाटाबेस तैयार किया जाएगा। इससे किसी घटना, शिकायत या आपराधिक जांच के दौरान वाहन और चालक की पहचान जल्द सुनिश्चित करने में पुलिस को सहायता मिलेगी। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रामानन्द कुशवाह, क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर, प्रभारी निरीक्षक यातायात अनूप कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और ई-रिक्शा चालक मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार, अभियान को चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ई-रिक्शाओं और उनके चालकों का सत्यापन सुनिश्चित किया जा सके और शहरवासियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं भरोसेमंद परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके। पुलिस ने सभी ई-रिक्शा स्वामियों एवं चालकों से सत्यापन अभियान में सहयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।










