हाथरस 10 सितंबर । जनपद में पशुओं में फैल रही लम्पी बीमारी को लेकर प्रशासन सतर्क है। मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित ने ग्राम पंचायत मीरपुर और नगला पौधा का भ्रमण कर पशुओं की स्थिति का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान संबंधित अधिकारियों की ओर से गांव में पशुओं का टीकाकरण कराया गया। साथ ही ग्रामीणों को लम्पी बीमारी की रोकथाम और बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई। मुख्य विकास अधिकारी ने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं का अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराएं। पशुओं में लम्पी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल निकटतम पशु चिकित्सा केंद्र अथवा संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी को सूचना देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने पशुपालकों को पशुओं की साफ-सफाई रखने, पशुशालाओं में स्वच्छता बनाए रखने और संक्रमित पशुओं को अन्य पशुओं से अलग रखने के लिए भी प्रेरित किया।
सभी गांवों में शत-प्रतिशत टीकाकरण के निर्देश
सीडीओ ने पशु चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के सभी ग्रामों में अभियान चलाकर पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही लम्पी बीमारी के संभावित मामलों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि प्रभावित पशुओं के उपचार और आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। भ्रमण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, अपर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





