
हाथरस 09 सितम्बर। कोतवाली सदर क्षेत्र में बाजार गई 22 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। नाई का नगला निवासी उसके परिजन ने पुलिस को तहरीर देकर युवती की तलाश और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। परिजन के अनुसार 31 अगस्त की दोपहर उसकी पत्नी और 22 वर्षीय बहन पंजाबी मार्केट स्थित कोमल कॉम्प्लेक्स के पास गई थीं। उसकी पत्नी सामान खरीदने में व्यस्त थी, इसी दौरान उसकी बहन अचानक लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि करीब दो माह पहले भी उसकी बहन को मथुरा-वृंदावन निवासी गुड्डू उर्फ विवेक ले गया था। इसी आधार पर उसने आशंका जताई है कि इस बार भी गुड्डू उर्फ विवेक ने ही उसकी बहन को अगवा किया है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच करते हुए युवती की तलाश में जुटी है।







