Hamara Hathras

Latest News

हाथरस (मुरसान) 09 सितम्बर। क्षेत्र के जटोई गांव में आज दोपहर एक मजदूर को रामजानकी मंदिर परिसर में ईंटें उठाते समय सांप ने डस लिया। सांप के डसने के बाद उसके साथी और परिवार के लोग घबरा गए। युवक को पहले गांव के पास एक झाड़-फूंक करने वाले के पास ले जाया गया। बाद में एंबुलेंस बुलाकर उसे जिला अस्पताल भेजा गया। जटोई निवासी मनीष उर्फ मन्नू (25) पुत्र सुखराम बुधवार दोपहर करीब एक बजे मंदिर परिसर में मजदूरी कर रहा था। वह ईंटें उठाकर एक जगह से दूसरी जगह रख रहा था। इसी दौरान जैसे ही उसने एक ईंट उठाई, उसके नीचे से अचानक एक सांप निकला और उसे डस लिया। सांप के डसने के बाद मन्नू ने अपने साथी को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दोनों ने सांप को पकड़कर मार दिया और उसे जला दिया। घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। वे युवक को इलाज के लिए गांव के पास गिलोंदपुर गांव में एक झाड़-फूंक करने वाले के पास ले गए। वहां कुछ देर तक उसका इलाज कराया गया। बाद में परिवार के लोगों और ग्रामीणों की सलाह पर एंबुलेंस बुलाई गई। एंबुलेंस से मन्नू को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वहां डॉक्टर उसका इलाज कर रहे हैं। इस घटना के बाद से परिवार में चिंता बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page