सादाबाद (सहपऊ) 09 सितम्बर। जलेसर रोड नगला सलेम स्थित श्री बजरंग इंटर कॉलेज में कॉलेज के संस्थापक स्वर्गीय कुलफ सिंह की 10वीं पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कॉलेज के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में 100 मीटर दौड़ बालक वर्ग, 100 मीटर दौड़ बालिका वर्ग, 200 मीटर दौड़ बालक वर्ग, 200 मीटर दौड़ बालिका वर्ग, 400 मीटर दौड़ बालक वर्ग, 400 मीटर दौड़ बालिका वर्ग, गोला फेंक तथा खो-खो प्रतियोगिता शामिल रहीं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय कुलफ सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को याद किया। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में डॉ. ध्रुव कुमार पचौरी, चंद्रपाल सेक्रेटरी, रामस्वरूप कटारा, मनोज यादव जिलाध्यक्ष, बलवीर मेठ, बच्चू बघेल, राजवीर बघेल, शिव सिंह, जयप्रकाश गौतम, राजू पाठक, पप्पू यादव, अनूप सिंह बाबूजी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय कुलफ सिंह के आदर्शों और शिक्षा के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए विद्यार्थियों को खेल एवं शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।














