
सासनी 08 सितम्बर। सासनी क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमरपुर घना में जलभराव और खराब रास्तों की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। रास्तों पर पानी और कीचड़ भरा होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (अ) टिकैत के पदाधिकारियों ने ग्रामीणों की ओर से एसडीएम शिव प्रकाश यादव को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की। एसडीएम को दिए ज्ञापन में बताया गया कि गांव में जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी रास्तों पर भर जाता है। खासकर जूनियर हाईस्कूल के सामने रास्ते में जलभराव रहने से स्कूल आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को परेशानी होती है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। रास्तों पर कीचड़ और पानी भरने से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। गांव में कई स्थानों पर रास्तों की हालत पहले से ही खराब है और जलनिकासी की व्यवस्था न होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। भाकियू (अ) टिकैत के पदाधिकारियों ने एसडीएम से मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके का निरीक्षण कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की। साथ ही ग्रामीणों ने नालियों एवं पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा खराब रास्तों की मरम्मत कराने की मांग रखी। ज्ञापन देने के दौरान मोनू ठाकुर, कन्हैया ठाकुर, नीरज बघेल, दुर्गेश बघेल, अश्वनी माहौर, सोनू पंडित, देवेश, अमन, रोहन, पंकज और हरिवंश समेत गांव के कई ग्रामीण मौजूद रहे।










